CG व्यापमं एलएसएटी परीक्षा 2026 का बिगुल बजा, बिलासपुर में 39 सेंटर में 11,796 अभ्यर्थी देंगे पर्चा, जानें पूरी गाइडलाइन

कमलकांत पाटनवार 

बिलासपुर

सहायक शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की घड़ी नजदीक आ गई है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर की ओर से सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा (एलएसएटी-2026) का आयोजन 11 अक्टूबर को होगा। बिलासपुर जिले में परीक्षा के लिए 39 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 11,796 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को चाहिए कि वे असुविधा से बचने एक दिन पहले शनिवार को अपने केंद्र की जानकारी अच्छे से जुटा लें। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यालय कलेक्टर (परीक्षा शाखा) बिलासपुर की ओर से बताया गया है कि परीक्षा के दौरान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा की अवधि दो घंटे 15 मिनट रहेगी।

प्रशासन ने परीक्षा के दौरान और इसके पहले तथा बाद में कम से कम दो घंटे, अर्थात सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करने कहा है। बिलासपुर में शासकीय जेपी वर्मा पीजी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय जरहाभाटा, शासकीय बिलासा कन्या पीजी महाविद्यालय लिंक रोड, पं. देवकीनंदन दीक्षित कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रताप चौक तिलक नगर, स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय दयालबंद सहित अन्य केंद्रों में अधिकारियों ने निरीक्षण भी किया।

परीक्षा केंद्र जाने से पहले यह जरूर जांचें

परीक्षा केंद्र सूची के अनुसार परीक्षा 11 अक्टूबर को सुबह 10 से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को अपने निर्धारित केंद्र का नाम और पता पहले से देख लेना चाहिए, क्योंकि बिलासपुर में केंद्र शहर के अलग-अलग हिस्सों में बनाए गए हैं। उपलब्ध आधिकारिक केंद्र सूची में प्रवेश पत्र के अलावा कौन-कौन सी वस्तुएं साथ लानी हैं या कौन-सी वस्तुएं प्रतिबंधित हैं, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।

एक नजर में परीक्षा का पूरा गणित

सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए बिलासपुर में 39 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। केंद्रों की कुल आवंटित क्षमता 11,796 सीट है, जबकि ओएमआर सीटों की संख्या 11,800 दर्ज है। यानी प्रशासन ने बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा व्यवस्था तैयार की है। सबसे अधिक क्षमता वाले कई केंद्रों में 360-360 सीट निर्धारित हैं, जबकि कुछ केंद्रों की क्षमता 180, 240 और 300 सीट रखी गई है।

बिजली व्यवस्था पर प्रशासन की खास नजर

परीक्षा के दौरान बिजली व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती है। कलेक्टर कार्यालय के पत्र में परीक्षा के दौरान ही नहीं, परीक्षा से पहले और बाद की अवधि में भी निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने कहा गया है। बिजली आपूर्ति बाधित न होने देने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। इससे केंद्रों पर परीक्षा संचालन सुचारु रखने की तैयारी का पता चलता है।

 

Hot Topics

Related Articles