VSK एप पर प्रशासन सख्त, राज्य से ब्लॉक तक जारी हुए कड़े निर्देश टाइम टू टाइम अटेंडेंस अनिवार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई – साप्ताहिक आंकलन शुरू

संदीप यादव मुंगेली। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए शासन ने VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) एप को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। राज्य स्तर से लेकर विकासखंड स्तर तक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि VSK एप में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जारी निर्देशों के अनुसार अब सभी शिक्षकों को नियमानुसार टाइम टू टाइम उपस्थिति दर्ज करनी होगी। सुबह विद्यालय खुलते ही चेक-इन और विद्यालय बंद होते ही चेक-आउट करना अनिवार्य किया गया है। एप में लोकेशन के साथ निर्धारित समय प्रदर्शित होता है, जिससे वास्तविक उपस्थिति का सत्यापन हो सकेगा।

सूत्रों के अनुसार कई जिलों से शिक्षकों द्वारा समय पर उपस्थिति दर्ज न करने और बिना सूचना अनुपस्थित रहने की शिकायतें राज्य स्तर तक पहुंची थीं, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया है।

शिक्षा विभाग की पैनी नजर

शिक्षा विभाग द्वारा VSK एप की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी से लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी और संकुल प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे रोजाना अपने अधीनस्थ विद्यालयों की VSK रिपोर्ट का अवलोकन करें और लापरवाह पाए जाने वाले शिक्षकों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि एप में गड़बड़ी करना या जानबूझकर उपस्थिति दर्ज न करना गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा।

शिक्षा मंत्री के निर्देश पर साप्ताहिक आंकलन

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के निर्देश के बाद अब VSK एप की साप्ताहिक समीक्षा शुरू की गई है। हर सप्ताह राज्य स्तर पर जिलों की रैंकिंग तैयार हो रही है कि किस जिले में कितने शिक्षकों ने समय पर उपस्थिति दर्ज की। कम प्रगति वाले जिलों और विकासखंडों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा रहा है। इस साप्ताहिक आंकलन के बाद ब्लॉक स्तर पर हलचल तेज हो गई है और अधिकारी स्वयं फील्ड में जाकर VSK उपस्थिति का मिलान कर रहे हैं।

शासन का कहना है कि शिक्षा की गुणवत्ता के लिए शिक्षक की समय पर उपस्थिति पहली शर्त है, और इस मामले में अब किसी भी तरह की ढिलाई नहीं चलेगी।

वहीं मुंगेली विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि यदि किसी शिक्षक को VSK एप अटेंडेंस में तकनीकी समस्या आ रही है या उनकी ड्यूटी अन्य कार्यों में लगी है, जिसके कारण वे ऑनलाइन अटेंडेंस नहीं दे पा रहे हैं, तो वे कार्यालय में संपर्क कर अवगत करा सकते हैं।

Hot Topics

Related Articles