जियाउल खान, लखनपुर। ओपन स्कूल की 10वीं परीक्षा का केंद्र लखनपुर के स्थान पर अंबिकापुर बनाए जाने से क्षेत्र के सैकड़ों परीक्षार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर रविवार को लगभग 224 परीक्षार्थी, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं शामिल थीं, विधायक निवास पहुंचे और जिला पंचायत सदस्य विजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।
परीक्षार्थियों ने बताया कि चौपाल संस्था द्वारा उन्हें नियमित अध्ययन-अध्यापन एवं प्रशिक्षण देकर ओपन बोर्ड की परीक्षा के लिए तैयार किया गया है। लेकिन परीक्षा केंद्र अंबिकापुर निर्धारित होने से उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं। अधिकांश परीक्षार्थी ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं, जहां से सुबह 8:30 बजे शुरू होने वाली परीक्षा में समय पर पहुंचना बेहद कठिन हो जाता है। परिवहन सुविधा सीमित होने के कारण कई अभ्यर्थियों के परीक्षा से वंचित रहने की आशंका भी बनी रहती है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पूर्व वर्षों में लखनपुर में ही परीक्षा केंद्र संचालित होता था, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होती थी। ऐसे में इस वर्ष भी लखनपुर को परीक्षा केंद्र घोषित किया जाना जनहित एवं छात्रहित में आवश्यक है।
जिला पंचायत सदस्य विजय अग्रवाल ने परीक्षार्थियों की समस्या को गंभीर बताते हुए जिला शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी से चर्चा कर लखनपुर को पुनः परीक्षा केंद्र बनाए जाने की मांग की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों के हित में हर संभव प्रयास किया जाएगा ताकि उन्हें परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।






