रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग CGPSC द्वारा आयोजित सब इंस्पेक्टर SI भर्ती प्रारंभिक परीक्षा 2024 के परिणाम जारी होते ही प्रशासनिक व राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। आयोग द्वारा जारी अभ्यर्थियों की आधिकारिक मेरिट लिस्ट में कुछ ऐसे नाम देखने को मिले हैं, जिन्हें देखकर राज्य के लाखों बेरोजगार युवा हैरान हैं।
आयोग की आधिकारिक परिणाम सूची सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें अभ्यर्थियों के नाम के कॉलम में विचित्र प्रविष्टियां दर्ज हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने जारी रिजल्ट का स्क्रीनशॉट अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार और आयोग को कटघरे में खड़ा किया है।
तंज कसते हुए सवाल उठाया कि क्या छत्तीसगढ़ में वास्तव में इस तरह के अजीबो-गरीब नामों वाले अभ्यर्थी निवास करते हैं, या फिर यह मौजूदा सरकार के “सुशासन” का कोई नया चमत्कार है? कांग्रेस का आरोप है कि पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा के दावों के बीच इस प्रकार के परिणाम जारी होना चयन प्रक्रिया पर कई गंभीर संदेह पैदा करता है।
तकनीकी खामी या सत्यापन में बड़ी लापरवाही ?
इस मामले के सामने आते ही परीक्षार्थियों और शिक्षा विशेषज्ञों के बीच नाराजगी देखी जा रही है। ऑनलाइन फॉर्म भरने या सिस्टम सॉफ्टवेयर में प्रोसेसिंग के दौरान बड़े पैमाने पर तकनीकी त्रुटि हुई है। परीक्षा का अंतिम परिणाम सार्वजनिक करने से पहले आयोग के अधिकारियों द्वारा स्क्रूटनी और री-वेरिफिकेशन न किया जाना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
फिलहाल, सोशल मीडिया पर उठ रहे इन तीखे सवालों और राजनीतिक घमासान के बावजूद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPS की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान या सफाई सामने नहीं आई है।






