उपभोक्ताओं की समस्याओं और चिंताओं को संगठन के माध्यम से उठाने की तैयारी
कोरिया। स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे अभियान को अब मंडल स्तर पर भी गति दी जा रही है। इसी क्रम में मंडल कांग्रेस कमेटी बड़गांव के अध्यक्ष रामसाय सोरी के नेतृत्व में मंडल क्षेत्र के उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर के विरोध एवं इससे जुड़ी आपत्तियों को लेकर फार्म भरवाए गए। एकत्रित किए गए इन फार्मों को जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता को सौंपा गया।
कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच मौजूद सवालों, आशंकाओं और समस्याओं को सामने लाना तथा उनकी आवाज को संगठन के माध्यम से संबंधित स्तर तक पहुंचाना है। मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं ने उपभोक्ताओं से संपर्क कर उनकी राय जानी और विरोध संबंधी फार्म भरवाए।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं से जुड़े किसी भी विषय का सीधा असर आम परिवारों पर पड़ता है। ऐसे में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शंकाओं और समस्याओं का समाधान होना आवश्यक है। कांग्रेस संगठन उपभोक्ताओं की बात को प्राथमिकता के साथ सामने लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
फार्म सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, किसान कांग्रेस कमेटी कोरिया के जिला सचिव इंद्रदेव पाण्डेय सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बिजली बिल और महंगाई को लेकर कांग्रेस युवा नेता राम साय सोरी ने सरकार पर आरोप लगाया कि – महंगाई के बीच बढ़े हुए बिजली बिल आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए कर, जीएसटी और ट्रैफिक चालान के बाद अब स्मार्ट मीटर के जरिए भी लोगों की जेब पर असर पड़ेगा।
राम साय सोरी ने केंद्र और राज्य सरकार पर जनता के साथ कथित तौर पर धोखा करने का आरोप लगाते हुए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को ‘संगठित लूट का अभियान’ करार दिया।
इस दौरान कांग्रेस नेता बिहारी लाल राजवाड़े ने कहा कि – मंडल स्तर से प्राप्त उपभोक्ताओं की शिकायतों एवं आपत्तियों को जिला संगठन के माध्यम से आगे रखा जाएगा। साथ ही आने वाले दिनों में स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर अधिक से अधिक उपभोक्ताओं से संपर्क कर अभियान को व्यापक रूप देने की बात कही गई। उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाना संगठन की प्राथमिकता है। स्मार्ट मीटर से जुड़े विषय पर कांग्रेस आगे भी जनसंपर्क और विरोध अभियान जारी रखेगी तथा उपभोक्ताओं की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।








