गणेशोत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक, पंडालों में CCTV अनिवार्य और DJ पर पूर्ण प्रतिबंध

बलौदाबाजार , गणेशोत्सव एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना सिटी कोतवाली परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आईएएस एवं प्रशिक्षु एसडीएम अरविन्द टी. के नेतृत्व में हुई बैठक में गणेशोत्सव समितियों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन और पुलिस ने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा सुप्रीम कोर्ट की ध्वनि संबंधी गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करने की अपील की।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि गणेशोत्सव के दौरान डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं निर्धारित समय एवं तय ध्वनि सीमा के भीतर मानक अनुरूप साउंड सिस्टम के उपयोग की अनुमति होगी। आयोजकों को ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रमुख गणेश पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। पुलिस ने आयोजकों से असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।

इसके साथ ही गणेश प्रतिमा स्थापना और विसर्जन को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर भी सहमति बनी। प्रशासन एवं पुलिस ने सभी समितियों से आपसी सहयोग और अनुशासन के साथ पर्व मनाने की अपील की।

Hot Topics

Related Articles