मुंगेली में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर प्रशासन अलर्ट, 29 अक्टूबर को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित

संदीप यादव मुंगेली, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर जिला प्रशासन मुंगेली अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर श्री अमृत विकास टोपनो ने 29 अक्टूबर दिन गुरुवार को जिले के समस्त शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया है।

कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश क्रमांक 6856/सामान्य/अवकाश/2026 दिनांक 28.10.2026 के अनुसार, मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव एवं अति वर्षा की संभावना को देखते हुए छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों एवं बच्चों के स्वास्थ्य व सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

अवकाश के तहत जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला, हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में 29 अक्टूबर को अवकाश रहेगा।

कलेक्टर ने की जिलेवासियों से अपील

कलेक्टर  टोपनो ने जिलेवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। गरज-चमक एवं आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले मैदान, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवाओं के दौरान जर्जर भवनों, कमजोर मकानों, बिजली के खंभों, विद्युत तारों, पेड़ों एवं होर्डिंग के आसपास न रहें।

उन्होंने कहा कि मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी अधिकृत सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों का ही पालन करें तथा अफवाहों और अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें।

आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक *07755-264440* पर संपर्क कर सकते हैं।

Hot Topics

Related Articles