बलौदाबाजार। भारतीय जनता पार्टी की ओर से आगामी 4 नवंबर को बलौदाबाजार में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ रैली निकाली जाएगी। रैली में करीब 10 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, सांसद कमलेश जांगड़े, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, डॉ. अजय राव, टेसूलाल धुरंधर, योगेश चंद्राकर, राकेश तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा और जिला महामंत्री विजय यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जनसंपर्क और संगठन की मजबूती पर जोर
बैठक में जिला अध्यक्ष आनंद यादव ने स्वागत भाषण दिया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ रैली को सफल बनाने का आह्वान किया। वहीं, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने रैली के उद्देश्य, संगठन की भूमिका और तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन दिया।
सांसद कमलेश जांगड़े ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से रैली में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों के समन्वय और तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया।







