करवा चौथ आज, बाजारों में उमड़ी सुहागिनों की भीड़

भाटापारा। अखंड सौभाग्य और पति की लंबी उम्र की कामना का पवित्र पर्व करवा चौथ बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा। पर्व की पूर्व संध्या पर बुधवार को सदर एवं हटरी के बाजारों में खरीदारी के लिए सुहागिन महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। दिनभर बाजारों में चहल-पहल बनी रही। महिलाओं ने पूजन सामग्री, शृंगार के सामान और कपड़ों की जमकर खरीदारी की।

पूजन सामग्री और शृंगार के सामान की हुई खरीदारी

करवा चौथ को लेकर बाजार में मिट्टी के करवा, छलनी, पूजा सामग्री, लाई-गट्टे, चूड़ियां और नए कपड़ों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। वहीं, मेहंदी लगवाने के लिए भी महिलाओं में खासा उत्साह रहा। पर्व को लेकर बाजार में रौनक बनी रही और दुकानदारों के यहां दिनभर ग्राहकों का आना-जाना लगा रहा।

निर्जला व्रत रखकर करती हैं पति की लंबी उम्र की कामना

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, करवा चौथ पर सुहागिन महिलाएं सुबह सरगी ग्रहण करने के बाद निर्जला व्रत रखती हैं। शाम को सोलह शृंगार कर करवा माता की पूजा-अर्चना करती हैं। रात में चंद्रमा के दर्शन के बाद छलनी से चांद और पति का चेहरा देखकर व्रत का पारण करती हैं। मान्यता है कि इस व्रत को श्रद्धा और निष्ठा से करने पर पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद मिलता है।

करवा चौथ को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। पर्व की तैयारियों के साथ घरों में भी पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां की जा रही हैं।

Hot Topics

Related Articles